नगर में निकाली गई मां काली की झांकी में शामिल श्रद्धालु।
नगर में जगह-जगह शुक्रवार को काली पूजन समारोह का आयोजन किया गया। नगर के बालेश्वर नाथ मंदिर के समीप स्थित काली मंदिर से भव्य झांकी निकाली गई। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गंतव्य तक पहुंचकर समाप्त हो गई। इस दौरान लोगों ने मां काली का पूजन अर्चन किया और आशीर्वाद मांगा।
काली मंदिर पहुंचने के बाद भक्तों ने देवी गीत गाया। महिलाओं ने पचरा गाया। मंदिर प्रांगण में पहुंची महिलाओं ने छाक, कपूर, पूआ, पूड़ी, मिष्ठान, कराह आदि चढ़ाया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले इस पूजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
नगर में जुलूस के समय तरह-तरह की मनमोहक झांकियां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। निधरिया स्थित मां काली मंदिर पर भी काली पूजनोत्सव का आयोजन किया गया। बांसडीहरोडः क्षेत्र के चंद्रपुरा, दवनी, रघुनाथपुर, जसांव, छाता सहित दर्जनों गांवों मां काली का पूजन किया गया। मां से मुरादें पूरी करने के लिए महिलाओं ने मन्नते मांगी। ग्रामीणों ने डीहबाबा, शायर माता सहित गांव के देवी देवताओं के स्थान पर पूजन-अर्चन किया। गांवों के चारों तरफ के सिवान में लाल झंडा गाड़कर गांव को रोगमुक्त बनाने की मां से गुहार लगाई।