पत्रकारों से बात करते भासपा के जिला प्रभारी सुनील सिंह
बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक शनिवार को छितौनी स्थित बसपा कार्यालय पर हुई जिसमें आगामी 2017 विधानसभा चुनाव फतह के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए जोन कोआर्डिनेटर डा. मदन राम ने कहा कि प्रदेश की सरकार हम मामले में विफल साबित हो रही है। इसलिए आगामी विधान सभा चुनाव में प्रदेश की जनता बहन मायावती को आशा भरी निगाहों से देख रही है। बसपा ही एक ऐसी पार्टी है। जिसमें सर्वधर्म एवं सर्वसमुदाय के लोगों को सम्मान मिलता है।
कहा कि बसपा सरकार में दबे-कुचले लोगों को न्याय मिलता था। प्रदेश सरकार के नजर में मात्र पांच जिला ही विकास के लिए अहम है। शेष जगहों पर खानापूर्ति हो रही है। क्षेत्रीय विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव से पूर्व महंगाई और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का वादा किया था, लेकिन इस सरकार में महंगाई चरम पर पहुंच गया है। वहीं प्रदेश में गुंडाराज कायम हो गया है।
उन्होंने आगामी विधान सभा चुनाव में प्रदेश से सपा सरकार को जड़ से उखाड़ देने का आह्वान किया। इसके अलावा महफूज आलम, शिवकुमार राम, सुरेंद्र निषाद, संतोष कुमार ने बैठक को संबोधित किया। इस दौरान क्षेत्र के दर्जनों सपाइयों ने बसपा का दामन थामा। इस मौके पर नूरूलबसर अंसारी, इनल सिंह, संजय सिंह, रविंद्र गुप्ता, अनिल राव, संजय चौहान, जावेद अंसारी, अनिल राजभर, शंभू राजभर आदि रहे। संचालन संतोष राम ने किया।