अत्याचारी और भ्रष्टाचारियों को चैन से रहने नहीं दूंगा : सुरेंद्र सिंह
अत्याचारी व भ्रष्टाचारियों को चैन से नहीं रहने दूंगा। यहां की जनता ने सदाचारियों व व्यापारियों को संरक्षा व सुरक्षा देने के लिए मुझे विधायक बनाया है। जनप्रतिनिधि की नीयत पवित्र होनी चाहिए तभी क्षेत्र में विकास की गंगा बहेगी, लोग खुशहाल होंगे। उक्त बातें बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को तिवारी के मिल्की स्थित संत शिरोमणि महाराज बाबा आश्रम पर 12 लाख की लागत विधायक निधि से जिला पंचायत के बनाए सत्संग भवन के लोकार्पण पर कही।
विधायक ने कहा कि तहसील, थानों व ब्लॉकों में अभी भी भ्रष्टाचार चरम पर है। मेरा प्रयास है कि क्षेत्र के सभी धार्मिक स्थलों पर सत्संग भवन का निर्माण हो जाए ताकि गरीब की बेटी की शादी हो तो उसे किराए का टेंट न करना पड़े। विधायक ने कहा कि यहां राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज व राजकीय महाविद्यालय बन रहा है।
इससे यहां के साधनहीन बच्चों को भी अध्ययन का अवसर प्राप्त होगा। विधायक ने नौ मई को खपड़िया बाबा के आश्रम में आयोजित होने वाले सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में 550 गरीब कन्याओं की शादी कराने व महाराज बाबा मार्ग पर बीबी टोला के पास संत शिरोमणि बाबा लक्ष्मण दास के नाम पर स्मृति द्वार बनवाने की घोषणा की।
समारोह को भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, हरिकंचन सिंह, मूटन राय, बबलू यादव आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर परशुराम सिंह, दीपू सिंह, मंगल सिंह, मणिभूषण सिंह, अमित सिंह, चंद्रभूषण सिंह पलट, ओमप्रकाश सिंह, अखिलेश सिंह आदि रहे। अध्यक्षता महंत सतीश दास व संचालन प्रेमशंकर मिश्र ने किया।