डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की उठाई मांग
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा नेता देवेंद्र कुमार गुप्त एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक शिष्टमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी गोविंद राजू एनएस से मिला। शिष्टमंडल ने डीएम को पांच सूत्री ज्ञापन सौंप प्रभावी कार्यवाही की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख है कि बेल्थरारोड में ग्राम न्यायालय की स्थापना के लिए शासन द्वारा स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए हाईकोर्ट के आदेश पर जिला जज के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारियों का दल बेल्थरारोड पहुंच न्यायालय स्थापना के लिए भूमि चयन आदि की जांच पड़ताल की।
लेकिन अभी तक यह मामला ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। तहसील के विभिन्न कार्यालयों में निर्धारित मानक के अनुरूप अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या कम है। ऐसे में सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न हो रही है।
ज्ञापन में पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय, अग्निशमन कार्यालय समेत तहसील स्तरीय सरकारी सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने प्रभावी कार्यवाही का भरोसा दिलाया। शिष्टमंडल में सहती राजभर, सत्येंद्र सिंह, अमीरचंद्र गुप्त, प्रेमचंद राजभर, प्रेमशंकर पांडे, राजदेव आदि लोग रहे।