भीमपुरा। भीमपुरा बरौली मार्ग पर तिरनई चट्टी के पास सड़क किनारे खड़े हार्वेस्टर में शनिवार की देर शाम बरौली की तरफ से आ रहे बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे का इलाज मऊ जनपद के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस हार्वेस्टर और बाइक को थाने ले गई और मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के गौरा निवासी श्रवण सिंह (28) व दीपक राजभर (30) बरौली की तरफ से अपने घर आ रहे थे। वह जैसे ही तिरनई के पास पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित हो गई और खड़े एक हार्वेस्टर में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्रवण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल युवक के परिजनों को सूचना देकर अस्पताल भेजा जहां युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के साथ हार्वेस्टर व बाइक को कब्जे में ले लिया।