चिलकहर। गड़वार-नगरा मार्ग के बलेसरा डेंजर जोन पुलिया के समीप गड़वार की तरफ से जा रही तेज रफ्तार बाइक असंतुलित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। इससे युवती समेत उस पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। एक की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
नरही थाना क्षेत्र के कैथवली निवासी सुजीत राम (22) वाले पुत्र संजय राम नरही थाना क्षेत्र के नरही निवासी ज्योति चौरसिया (19) पुत्री हरेराम चौरसिया मोटरसाइकिल से गड़वार की तरफ से नगरा की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार होने की वजह से बलेसरा में डेंजर जोन पुलिया मोड़ पर पहुंचते ही बाइक असंतुलित होकर गड्ढे में पलट। जिस पर सवार सुजीत राम और ज्योति चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए। सूचना गड़वार पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवक की गंभीर अवस्था को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को इसकी सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही गांव सहित क्षेत्र में मातम पसर गया।