पूर। जलकल योजना के तहत सड़क किनारे रखे बड़े पाइप से बाइक टकराने के बाद अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल से जा भिड़ी। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की शादी करीब दो माह पहले ही हुई थी। मौत की खबर लगते ही परिजनों का रोते-राते बुरा हाल है। पूर गांव निवासी गुड्डू राम का पुत्र अजय राम शुक्रवार रात सोनाडीह से बाइक से अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान रास्ते में जलकल योजना के लिए सड़क पर रखे बड़े-बड़े पाइप से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा भिड़ी। दुर्घटना में अजय के सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अजय को तत्काल जिला अस्पताल ले जाने लगे। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार अजय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार को भी वह मकान की ढलाई के काम में मजदूरी करने गया था।
काम खत्म करने के बाद बाइक से घर लौटते समय हादसा हो गया। वहीं माता-पिता और अन्य परिजनों का भी दुख से बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। थाना प्रभारी मिथलेश कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है, तहरीर मिलने पर लापरवाही पर प्राथमिकी दर्ज होगी।