बलिया। जनपद के प्रसिद्ध भृगु मंदिर को कारीडोर के रूप में विकसित करने के लिए 58 करोड़ रुपये से कार्य कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार ने इसका कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्क्षता में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में प्रजेंटेशन दिया। ये कार्य पर्यटन विकास विभाग और धर्मार्थ कार्य विभाग की ओर से मिलकर कराया जाएगा।
जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने को लेकर रणनीति बनाई गई। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के प्रस्ताव पर सुरहाताल में इको पार्क और भृगु मंदिर का पर्यटन स्थल के रूप में विकास को अनुमोदित किया गया।
सुरहाताल में ईको पार्क के लिए पहले एक रूपरेखा खींची गई थी, लेकिन इसके लिए डीएफओ की ओर से फिर से सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद इसकी डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं, भृगु कारीडोर के लिए पर्यटन विभाग की ओर से तैयार कराए गए डीपीआर का प्रजेंटेशन किया गया। जल्द ही इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जनपद बलिया में पर्यटन विकास के लिए जनप्रतिनिधियों से प्राप्त तीन प्रस्ताव परासर मुनि आश्रम का सौंदर्यीकरण, वीर कुंवर सिंह शहीद स्मारक और बैरिया में ग्राम सभा मिल्कीपुर में महाराज बाबा स्थान के विकास के लिए प्रस्ताव शासन ने स्वीकृत कर लिया है।
शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। तीन अन्य प्रस्ताव चित्रगुप्त आश्रम का पर्यटन विकास, बाबा मठ का सौंदर्यीकरण व ठकुरी बाबा मठ का विकास शासन से शीघ्र स्वीकृत होगा। इस बैठक में एसपी राजकरन नय्यर, मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा, पर्यटन विभाग के अनिल सक्सेना व रविशंकर त्रिपाठी रहे।