बेल्थरारोड। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत वाराणसी मंडल के बेल्थरारोड सहित 15 स्टेशनों का कायाकल्प किया जाएगा। योजना के तहत, बेल्थरारोड स्टेशन को भी चयनित किया गया है। 7.83 करोड़ की लागत से बेल्थरारोड स्टेशन को पुनर्विकसित कर अत्याधुनिक बनाया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 30 लाख से सर्कुलेटिंग एरिया, संपर्क मार्ग, जल निकास, पैदल यात्रियों के लिए पाथवे का निर्माण, 15 लाख से पोर्च का निर्माण, 65 लाख से मुख्य स्टेशन भवन का सुंदरीकरण, 56 लाख से प्लेटफार्म पर शेड विस्तार, सरफेस में सुधार, प्लेटफार्मों पर लो कास्ट पीपी शेड का कार्य, 19 लाख से यात्री प्रतीक्षालय का सुधार कर आकर्षक व सुविधाजनक बनाया जाएगा।
पांच लाख से वन स्टेशन वन प्रोडक्ट स्टॉल का निर्माण, 1.50 करोड़ से स्टेशन परिसर का सुंदरीकरण, 1.12 करोड़ से 50 हजार गैलन की क्षमता की पानी टंकी का निर्माण, 85 लाख से ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल क्लॉक, ऑटो अनाउंसमेंट, आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों में सुधार, 1.94 करोड़ से स्टेशन पर लिफ्ट, फसाड लाइटिंग, हाई मास्ट, साइनेज, एलटी पैनल, लाइटिंग व पंखे की व्यवस्था, दो लाख की लागत से परिसर का सुंदरीकरण एवं पौधरोपण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से संबंधित सभी कार्यों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। निविदाओं के निस्तारण के उपरांत कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाएगा। बेल्थरारोड स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार से विकास के नए युग का सूत्रपात होगा।