बेलहरी ब्लाक प्रमुख ने थामा भाजपा का दामन
हल्दी। एमएलसी चुनाव से पहले सपा को जोरदार झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय तिवारी के भतीजे और बेलहरी के ब्लाक प्रमुख शशांक शेखर तिवारी ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ कई समर्थकों ने भी सपा छोड़ भाजपा की सदस्यता ली। शशांक शेखर ने सपा नेताओं के रवैए पर नाराजगी जाहिर की है। हल्दी स्थित एक लाज में हुए कार्यक्रम में भाजपा के एमएलसी प्रत्याशी रविशंकर सिंह पप्पू भी मौजूद रहे। ब्लाक प्रमुख शशांक शेखर ने कहा कि सपा नेताओं की कार्यशैली से नाखुश होकर यह फैसला लेना पड़ा है। एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए वह पूरा दमखम लगाएंगे। इस मौके पर पहलवान तिवारी, राजन राम, नईमुल अंसारी, विक्रमा पांडेय, अटल सिंह, छोटे चौबे, बब्बू चौबे, नारायण उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।