बलिया। नगर के वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन फ्री स्टाइल कुश्ती में 57 किलोग्राम भार वर्ग में अलीगढ़ के भूपेंद्र सिंह ने कानपुर के सत्यम को, प्रयागराज के धर्मेंद्र ने गोरखपुर के छोटे को पराजित किया।
ग्रीको रोमन में 55 किलोग्राम भार वर्ग में वाराणसी के अवधेश यादव की जीत हुई। 65 किलोग्राम भार वर्ग में मेरठ के कैफ ने कानपुर के कृष्णा मिश्रा को और गोरखपुर के इरशाद शाह ने आगरा के शिवम को पराजित किया।
61 किलोग्राम भार वर्ग में गोरखपुर हॉस्टल के दिनेश कन्नौजिया ने बस्ती के जोगिंद्र यादव, मिर्जापुर के महेश कुमार ने अयोध्या के विजय कुमार, वाराणसी के आशुतोष पाल ने आजमगढ़ के सोनू यादव, देवीपाटन के प्रवीण ने मुरादाबाद के अश्विनी कुमार तथा मेरठ के इरफान ने गोरखपुर के आदित्य को पराजित किया। ग्रीको रोमन कुश्ती के 55 किलोग्राम भार वर्ग में वाराणसी के अवधेश यादव ने गोरखपुर के हिमांशुमणि त्रिपाठी, गोरखपुर छात्रावास के अतुल पटेल ने देवीपाटन के महेश राजभर, आजमगढ़ के कमलेश यादव ने अलीगढ़ के कृष्णा तथा प्रयागराज के शुभम ने मेरठ के निखिल को पराजित कर अगले राउंड में प्रवेश किया।
शनिवार को 69, 70, 74, 86, 92, 97, 125, 130 किलोग्राम भार वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। वहीं प्रतियोगिता का समापन तथा पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को आयोजित होगा।
इससे पहले उप्र कुश्ती संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीडीओ ओजस्वी राज ने किया। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र से किया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कुंवर अरुण सिंह, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव राजकुमार मिश्र, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव अरविंद कुमार सिंह, जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव नीरज राय सहित खेलकूद से जुड़े लोग माैजूद रहे।