बलिया। बांसडीह-खरौनी मार्ग के चौड़ीकरण की कवायद तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग के चौड़ीकरण को राज्य सड़क योजना के तहत 6.73 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा है, जिसकी स्वीकृति प्रक्रिया में है। विभाग ने इस मार्ग के निर्माण को प्री टेंडरिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों जर्जर होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से जर्जर सड़कों की मरम्मत के साथ ही चौड़ीकरण करने की कवायद जारी है। लोक निर्माण विभाग की ओर से बांसडीह-खरौनी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर राज्य सड़क योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में 6.73 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रस्ताव के स्वीकृति की प्रक्रिया भी शुरु हो चुकी है। इसको देखते हुए विभाग की ओर से प्रस्ताव स्वीकृति की प्रत्याशा में ई-टेंडरिंग का कार्य भी शुरु कर दिया है। विभागीय अधिकारी का मानना है कि इससे समय की बचत होगी। पहले से ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर धन उपलब्ध होते ही मार्ग निर्माण का कार्य शुरु कराया जा सकेगा।
बांसडीह-खरौनी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विभाग की ओर से प्री-टेंडरिंग की प्रक्रिया शुरु की गई है। धन उपलब्ध होते ही कार्य शुरु कराया जाएगा। - सीपी गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बलिया
त्वरित आर्थिक विकास निधि से बनेगा साहोडीह-आसचौरा मार्ग
बलिया/बांसडीह। शासन ने बलिया-बांसडीह से साहोडीह, आसचौरा होते हुए बलिया-सहतवार तक लगभग चार किमी मार्ग के निर्माण को भी स्वीकृति दी है। साहोडीह-आसचौरा संपर्क मार्ग वर्षों से बदहाली का शिकार है। छह साल से इस सड़क पर कोई काम नहीं हुआ है। गिट्टियां उखड़ी गई हैंष पीडब्ल्यूडी ने इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। शासन ने त्वरित आर्थिक विकास निधि से इस मार्ग के लिए 2.64 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। पहली किस्त में आधी धनराशि भी जारी कर दी गई है। इससे निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है।