व्हाट्सएप व फेसबुक के जरिये विभिन्न लड़कियों से अश्लील बात करने के आरोप में बलिया के गड़वार कस्बा निवासी शिवकुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। वीमेन पावर लाइन लखनऊ के प्रभारी निरीक्षक अजय पाल सिंह व गड़वार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के पियरिया मोड़ से गिरफ्तारी की।
गड़वार थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी 15 जिलों की तीन सौ से अधिक महिलाओं और युवतियों संग व्हाट्सएप व फेसबुक के जरिये अश्लील हरकत कर रहा था। बताया कि वीमेन पावर लाइन 1090 पर 20 लड़कियों ने फोन करके शिकायत किया था कि गड़वार निवासी शिवकुमार वर्मा (32) कई महीनों से व्हाट्सएप व फेसबुक पर वीडिओ कॉल पर अश्लील हरकत और बातकर परेशान कर रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वीमेन पावर लाइन की टीम ने आरोपी युवक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डालकर लोकेशन ट्रेस किया और बुधवार की देर रात में वीमेन पावर लाइन के प्रभारी निरीक्षक अजय पाल सिंह ने गड़वार थाने को तहरीर दी। गड़वार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार को आरोपी को पियरिया मोड़ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।