बलिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शराब माफियाओं व तस्करों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में फेफना निरीक्षक शशिमौलि पांडेय, दोकटी थाने के उप निरीक्षक राजकुमार सिंह, फेफना उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह यादव ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बुधवार की शाम मुुखबीर की सूचना पर जगदीशपुर गांव निवासी राजा सिंह के दरवाजे से ट्रैक्टर ट्राली पर लदे 103 पेटी अरूणाचल व पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद किया। इसकी कीमत करीब तीन लाख 95 हजार 520 रुपए बताई जा रही है। उधर, फेफना थाना के जगदीशपुर निवासी राजा सिंह पुत्र शशिचंद्र सिंह व धमेंद्र राम पुत्र प्रभु नाथ राम मौके से भागने में सफल हो गए। जानकारी के अनुसार फेफना पुलिस मटिही तिराहे पर मौजूद थी। इस दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी राजा सिंह पुत्र शशिचंद सिंह व धर्मेन्द्र राम पुत्र प्रभुनाथ राम के द्वारा दरवाजे पर अरूणाचल व पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जाने के लिये ट्रैक्टर पर लोड की जा रही है। उसे पुलिस गंभीरता से लेते हुए जगदीशपुर निवासी राजा सिंह के घर पहुंची जहां कुछ लोग अवैध अंग्रेजी शराब ट्रैक्टर ट्राली पर लोड कर रहे थे। पुलिस आते हुए देखकर सभी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। जब ट्राली को चेक किया गया तो उसके ऊपरी सतह पर प्लास्टर आफ पेरिस व जिप्सम प्लास्टर की बोरियां रखी हुई थी। इन बोरियों को हटाकर देखा गया तो इनके नीचे कुल 103 पेटी में 4944 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब मिला। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। बरामद अवैध शराब के बारे में उपस्थित जनसमूह से पुलिस ने पूछताछ किया तो उनके द्वारा बताया कि अवैध शराब की तस्करी राजा सिंह व धर्मेंद्र राम मिलकर करते हैं। पंजाब से सस्ते दामों में लाकर बिहार राज्य में ऊंचे दामों में बेचते हैं। पकड़ा गया ट्रैक्टर धर्मेंद्र राम का है जो शराब की तस्करी से कमाये गये रुपये से खरीदा है। पुलिस ने दोनों के विरूद्घ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। वहीं ट्रैक्टर ट्राली को सीज कर दिया।