पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल आठ लोगों के खिलाफ मारपीट का एनसीआर दर्ज किया है
- फोटो : फाइल फोटो
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के अधिसिझुआ गांव में ग्राम प्रधानी के जीत की मिठाई बांटने को लेकर हारे हुए प्रत्याशी के साथ हुए विवाद के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे के साथ ही ईंट-पत्थर भी चले। मारपीट में दोनों पक्षों के नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेवती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
इसमें से पांच लोगों को चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल आठ लोगों के खिलाफ मारपीट का एनसीआर दर्ज किया है।
बताया जाता है अधिसिझुआ गांव में प्रियंका पत्नी मनोज बिंद दूसरे नंबर की प्रत्याशी तेतरी देवी पत्नी मुन्ना यादव को हराकर ग्राम प्रधान बनी हैं।
सोमवार की देर शाम भगवान को प्रसाद चढ़ाकर नवनिर्वाचित प्रधान के पति मनोज बिंद व उनके समर्थक गांव में प्रसाद बांटते हुए तेतरी देवी के दरवाजे तक पहुंच गए। यह हारे हुए प्रधान प्रत्याशी तेतरी देवी के परिजनों को नागवार लगा और उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। प्रधान पति बोले भगवान का प्रसाद है ले लीजिए लेकिन तेतरी देवी के परिजनों ने उसे जीत की मिठाई बताते हुए उन्हें दरवाजे से चले जाने को कहा। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया और जमकर मारपीट हो गई।