नींबू कबीरपुर मोड़ पर रसड़ा पुलिस के साथ हुई मुठभेड़
- फोटो : अमर उजाला
रसड़ा पुलिस ने नींबू कबीरपुर मोड़ के पास गुरुवार को हुई मुठभेड़ में बाइक सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है वहीं, एक बदमाश भागने में सफल हो गया। एक बदमाश को पैर में गोली लगी है। बदमाशों से एक बाइक और दो तमंचे भी बरामद हुए हैं।
स्थानीय पुलिस प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में काली मंदिर नींबू कबीरपुर मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सीधागर घाट की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी। रोकने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वहीं गिर पड़ा। दूसरे व्यक्ति को भी पुलिस ने घेराबंदी करके पकड़ लिया। तीसरा बदमाश भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम सुनील सिंह पुत्र योगेंद्र सिंह निवासी हरिहास थाना हुसैनगंज जिला सिवान बिहार और मुकेश चौधरी पुत्र कपिल चौधरी निवासी सुरापुर थाना हुसैनगंज जनपद सिवान बिहार बताया।आरोपियों से एक बाइक समेत दो तमंचे और लगभग ₹4000 नगद बरामद हुए हैं। भागने वाले बदमाश की पहचान अंगद यादव पुत्र धनेश्वर यादव निवासी परसैना थाना तुरकौलिया जनपद पूर्वी चंपारण बिहार के रूप में हुई है। आरोपियों ने बताया कि तीनों ने मिलकर एक बोलेरो को रसड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास से चोरी किया था और मोतिहारी में ₹85000 में बेच दिया था। बरामद की गई मोटरसाइकिल चोरी की बताई गई है। घायल बदमाश सुनील कुमार सिंह, एसआई औरंगजेब खान, कांस्टेबल आलोक कुमार, कांस्टेबल कृष्ण कुमार यादव, कांस्टेबल चंद्रभान यादव को इलाज के लिए सीएचसी रसड़ा भेजा गया है।