बलिया। कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए एक ओर सरकार की ओर से कोरोना कर्फ्यू लागू किया गया है, वहीं बाजारों में लापरवाही भी जारी है। दुकानदार जहां मनमाने तरीके से दुकानों को खोल कर खरीद बिक्री करते हैं वहीं लोग बिना मॉस्क लगाए ही बाजारों में खरीदारी को पहुंच जा रहे हैं। बुधवार को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई दुकानों को बंद कराया। लगातार हो रही मनमानी को रोकने के लिए महिला पुलिस को उतारा गया। पुलिस ने कईयों को चेतावनी देते हुए घर भेज दिया। बुधवार को पुलिस ने बिना मॉस्क के घूमने वाले 64 लोगों से 28 हजार की वसूली की और छह दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कोरोना संक्रमण पर काबू के लिए प्रदेश सरकार की ओर से एक बार फिर 24 मई तक कोरोना कर्फ्यू की मियाद बढ़ा दी गई है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। नगर के स्टेशन रोड से लेकर चौक शहीद पार्क, लोहापट्टी, गुदरीबाजार, बड़ा गड़हा, सिनेमा रोड, आर्यसमाज रोड, कासिम बाजार, विशुनीपुर आदि बाजारों में काफी भीड़ रही। इसके अलावा बिना मॉस्क के घरों से निकले 64 लोगों का पुलिस ने चालान काटते हुए 28 हजार की वसूली की। इसके अलावा छह दुकानदारों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।
रेवती। नगर के बाजार में सुबह के समय 7 से 11 बजे के बीच सौंदर्य प्रसाधनों,किराना तथा होजरी की दुकानों पर प्रतिदिन ही भारी भीड़ इकट्ठा हो जा रही है। दुकानों के खोले जाने का सरकारी मानक है जिसमें सब्जी किराना तथा फल के दुकानदार ही उक्त निर्धारित समय में दुकान खोलेंगे। लेकिन दुकानदार बताते हैं कि लगन के कारण खरीददार एक साथ बाजार में इकट्ठा हो रहे हैं।
लालगंज। दोकटी पुलिस ने बुधवार के दोपहर लालगंज चट्टी, लालगंज बाजार सहित क्षेत्र के घाटों पर कोविड को देखते हुए पुलिस बल के साथ भ्रमण किया। इस दौरान बिना मास्क के चला रहे एक चारपहिया वाहन व दो दोपहिया वाहन का ई चालान किया।
बेल्थरारोड। एसडीएम सर्वेश कुमार कोरोना कर्फ्यू का पालन कराने को लेकर बुधवार को सख्त दिखे। दोपहर 12 बजे तक दुकान खोलने की छूट के बाद एसडीएम नगर की ओर निकल पड़े तथा खुली दुकानों को बंद करवाया।
-------------------------
कोरोना कर्फ्यू के दौरान मनमानी तरीके से दुकान खोलने पर छह दुकानदारों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा बिना मॉस्क पहने बाहर निकले 64 लोगों से जुर्माना वसूल किया गया।
- विक्रमजीत सिंह, सीओ, नगर