दूसरा डोज लेने आए लाभार्थी बैरंग लौटे, पहले डोज के 120 लोगों का लगा टीका
लाभार्थी का डाटा पोर्टल पर अपलोड न हो पाने के कारण हुई समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
रतसर। सीएचसी पर सोमवार को नियत तिथि पर कोविड टीका का दूसरा डोज लेने आए दर्जनों लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। दूसरे डोज के लिए स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा जब लाभार्थी का डेटा पोर्टल पर अपलोड करने की कोशिश की गई तो पोर्टल पर वह स्वीकृत नहीं हो पाया। इसके कारण किसी को भी दूसरा डोज नहीं लग पाया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को स्पष्ट किया है कि कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए कोविन प्लेटफार्म पर पहले से की गई बुकिंग ही वैध है और उसे रद नहीं किया जा सकता। हालांकि मंत्रालय ने यह भी कहा कि अब इस प्लेटफार्म पर दूसरी डोज लेने के लिए 84 दिन यानी कि 12 हफ्ते की बुकिंग नहीं कराई जा सकेगी। कोविन पोर्टल में इसको लेकर बदलाव कर दिए गए हैं। इधर, दूसरा डोज नहीं लगने पर लोगों की शिकायत रही कि 84 दिन पर ही दूसरा टीका लगना है तो फोन या एसएमएस से लाभार्थी को इसकी जानकारी देने की व्यवस्था हो। सीएचसी प्रभारी डॉ. राकिफ अख्तर ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति जो रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। उनको टीका लग रहा है लेकिन भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार अब दूसरा डोज 84 दिन पर ही लगेगा। सोमवार को सीएचसी के अंतर्गत आने वाले चार स्थानों पर टीकाकरण किया गया, जिसमें प्रथम डोज के कुल 120 लोगों को टीका लगा।