बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धसका में बीते रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटके युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगलवार को आ गई, जिसमें डॉक्टरों ने घटना को हैंगिंग बताया है। जिसके बाद पुलिस मामले को आत्महत्या मान कर जांच में जुट गई है। पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के गायब मोबाईल फोन को ट्रेस करने में जुटी है। जबकि मृतक के परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी थी।
मृतक के मामा रामप्रवेश चौहान ने रविवार को हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए तहरीर दिया था, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया था कि मृतक का दोनों हाथ आगे की तरफ टी शर्ट से बंधा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पूर्व पुलिसिया जांच की दिशा भी तहरीर पर आधारित थी, लेकिन अब पुलिस ने तफ्सीस का रुख मोड़ दिया है।
बताते चलें कि रविवार को धसका गांव के रतन के पोखरे के पश्चिम टीकरी बाबा के स्थान पर नीम के पेड़ की डाली से लटका युवक का शव बरामद हुआ था। युवक की शिनाख्त आशीष चौहान पुत्र अवधेश चौहान निवासी शाहपुर थाना कोतवाली बांसडीह के रूप में हुई थी। वह मनियर थाना क्षेत्र के सुर्यपुरा निवासी अपने नाना छांगुर चौहान के श्राद्ध कर्म में शामिल हाने बीते माह 13 अप्रैल को अपनी मां ईश्वरावती देवी के साथ गया था और मामा रामप्रवेश के घर पर रह रहा था। मौत की सूचना मिलने के बाद मामा रामप्रवेश ने पुलिस को तहरीर देकर भांजे की हत्या कर शव लटकाये जाने का आरोप लगाया था और पुलिस से मृतक के गायब मोबाईल फोन की काल डिटेल निकलवाने की भी गुहार लगाई थी।
-------------
मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मामले को आत्महत्या मान जांच कर रही है। हालांकि मृतक के गायब मोबाइल फोन का लोकेशन ट्रैस किया जा रहा है, जिससे कई रहस्यों से पर्दा उठाने में मदद मिलेगी।
शैलेश सिंह, थानाध्यक्ष, मनियर।
---------------