बलिया। जनपद में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है दिन प्रतिदिन और बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों में भी व्पांव पसार चुका है। जिसका नतीजा है कि मंगलवार को आई रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण से एक वृद्ध व एक युवक के मौत की पुष्टि हुई है, जिसमें पंदह के बाछापार निवासी 70 वर्षीय वृद्ध व दुबहर के नगवा निवासी 45 वर्षीय युवक शामिल हैं। जबकि पिछले 24 घंटे में 359 नए लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना संक्रमण से जिले में अब तक मरने वालों की कुल संख्या 198 हो गई है। वहीं एक्टिव केस 3133 हैं। जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या 2194 है। होम आइसोलेशन में 2598 तथा एल-1 और एल-2 बसंतपुर में 46 मरीजों को भर्ती किया गया है। जबकि सोमवार को 2920 लोगों की जांच की गई।
यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद ने दी है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर बचाव ही सबसे सरल तरीका है। टीका लगने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग और बार-बार हाथ धोएं एवं मॉस्क लगाएं। कहा कि आपकी लापरवाही भविष्य में भारी पड़ सकती है। उन्होंने आमजनों से अनुरोध किया है कि शासन की गाइड लाइन का पालन करें और स्वयं एवं अपने पास पड़ोस के लोगों को सुरक्षित रखें।