बलिया। प्रभारी मंत्री अनिल राजभर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला योजना समिति की बैठक में 469 करोड़ के प्रस्ताव पर मुहर लगी। समिति के सदस्यों ने जनपद के विकास से जुड़े अपने अहम सुझाव भी दिए। बैठक में उपायुक्त (उद्योग) के साथ लघु सिंचाई, जल निगम, लोनिवि निर्माण शाखा के अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी व्यक्त की। प्रभारी मंत्री ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। प्रभारी मंत्री राजभर ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि और यहां के अधिकारी मिलकर बलिया जनपद के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान दें। जनप्रतिनिधियों की ओर से विकास के संबंध में कोई प्रस्ताव मिले तो उस पर गंभीरता से विचार हो। बैरिया-मांझी मार्ग की दुर्दशा पर सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि एनएच के अधिकारी का कार्य ठीक नहीं है। जिलाधिकारी इस पर ध्यान दें कि यह मार्ग जल्द ही चलने लायक पहले बन जाए। खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने प्राथमिक विद्यालयों में खेलकूद और पुस्तकालय के लिए आए हुए धन के सदुपयोग सम्बन्धी पूछताछ की।
योजना समिति की बैठक में सलेमपुर सांसद रविंद्र कुशवाहा, राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर पासवान, विधायक (बैरिया) सुरेन्द्र सिंह, विधायक (सिकन्दरपुर) संजय यादव, जिला पंचायत सदस्य अमित यादव, चन्द्रप्रकाश पाठक, संजय यादव, मांती राजभर व अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा डीएम भवानी सिंह खंगारौत, एसपी देवेंद्र नाथ, सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, डीएफओ श्रद्धा यादव, एएसपी संजय कुमार के अलावा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था सुधारें
खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग में आरबीएसके योजना में वाहनों के संचालन में पारदशीऱ व्यवस्था नहीं होने पर सीएमओ से सवाल किया। भोजन, चादर समेत गरीब जनता की सेवा सम्बन्धी कार्यों में अनियमितता की तरफ ध्यान आकृष्ट कराते हुए सुधार लाने की चेतावनी दी। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद दूबे ने एनएचएम के बाबू मुन्ना पटेल व मनोज यादव की कार्यशैली की शिकायत की। सांसद मस्त ने भी सवाल किया।
बाढ़ विभाग के कार्यों की हो जांच
खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता से सवाल करते हुए कहा, अठगावा की तरफ दो वर्ष पहले बंधे से एक किमी दूर बह रही घाघरा आज बंधे के पास आ गई हैं। बिहार सरकार ने लाला टोला में जेपी स्मारक और आबादी बचाने के लिए जो कटानरोधी काम कराया, वह कारगर है, यहां वैसा काम क्यों नहीं हो रहा। सांसद मस्त ने भी समर्थन करते हुए जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
कटहल नाला, भाखड़ नाला प्रोजेक्ट पर हों गम्भीर
सांसद मस्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया कि गडहांचल, सुरहा ताल के अलावा कटहल नाला और भाखड़ नाला की परियोजना पर गम्भीरता से काम हो। योजना बनाकर भेजें, स्वीकृति के लिए हम प्रयास करेंगे। सांसद मस्त ने कड़े शब्दों में कहा कि जनप्रतिनिधि की भी जवाबदेही है। कई बार अधिकारी इग्नोर कर देते हैं। अगर अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते हैं तो यह आपत्तिजनक है। इसमें सुधार नहीं हुआ तो बड़ी कार्रवाई होगी।
सीमावर्ती गांवों में पहुंचाएं विकास
सांसद मस्त के सुझाव पर प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में विकास की योजनाएं अलग से बनाई जाएं। द्वाबा में एक गांव को दूसरे गांव और मुख्य मार्ग से जोड़ने का प्लान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तैयार करें।
बजट कम हो तो बताएं: नीरज
राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि जो धनराशि प्रस्तावित हो रही है यदि वह बजट नहीं मिले या कम मिले तो जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना दें। हम मिलकर पर्याप्त धन मंगाने का प्रयास करेंगे ताकि जनपद का विकास सुनिश्चित कराया जाए। नीरज शेखर ने खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी से अनुरोध किया कि स्पोर्ट्स कालेज के निर्माण में तेजी लाने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करें।