उद्यम समागम में जागरूकता रैली में शामिल रसड़ा एसडीएम विपीन जैन व अन्य
- फोटो : BALLIA
बलिया। दो दिवसीय उद्यम समागम शुक्रवार से शुरू हो रहा है। इसमें शामिल होने के लिए व्यापारियों और उद्यमियों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम रसड़ा विपिन कुमार जैन आईएएस ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में राजकीय इंटर कॉलेज के बच्चों के अलावा स्काउट के छात्र भी प्रतिभाग किए। यह रैली टाउन हॉल से निकलकर चौक स्टेशन रोड होते हुए वापस टाउन हाल में आकर समाप्त हुई।
उद्यमियों और शहर के व्यापारियों को आमंत्रित करने के लिए स्कूली छात्र विभिन्न प्रकार के स्लोगन लिए हुए थे। रैली रवाना करने से पूर्व संयुक्त मजिस्ट्रेट जैन ने कहा कि उद्यम समागम में ज्यादा से ज्यादा उद्यमियों और व्यापारी वर्ग की उपस्थिति सुनिश्चित कराना है। उन्होंने इसमें युवाओं को भी खासतौर पर शामिल होने का अनुरोध किया है ताकि स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी ले सकें। इस अवसर पर उपायुक्त (उद्योग) राजीव कुमार पाठक, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिजात सिंह, अनुपम सिंह, व्यापारी संजीव कुमार डंपु, कला शिक्षक इफ्तिखार खान आदि मौजूद थे।
सौर्य ऊर्जा (सोलर पावर) विषय में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर के बापूभवन टाउन हाल में शुक्रवार को डीआईसी बलिया के तत्वावधान में दो दिवसीय उद्यम समागम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में बतौर वक्ता विश्वजीत पांडेय जोनल मैनेजर ग्लेन डिंप्लेक्स ग्रुप (यूनाइटेड किंगडम) शिरकत करेंगे। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन की मुख्य वजह ऊर्जा के लिए प्राकृतिक संपदा का दोहन है। इन्हीं सब चीजों से बचने के लिए अब वक्त आ गया है कि हम सौर्य ऊर्जा के प्रति जागरूक होकर उसे अपनाएं। इसी विषय पर मैं कुछ साझा करना चाहता हूं। आज सिटी व मेट्रो सिटी (दक्षिण भारत) के लोग इस विषय पर काफी जागरूक हो गए हैं और सौर्य ऊर्जा को अपनाएं भी हैं। इतना ही नहीं यह कमाने का जरिया भी बनता जा रहा है। इसी प्रकार अब मेरा उद्देश्य है कि उत्तर भारत के लोग भी इसके प्रति जागरूक होकर इसको अपनाएं और अपनी वसुंधरा को बचाए।
------------------