बांसडीह रोड। बांसडीह मार्ग स्थित टघरौली गांव के समीप बुधवार रात असंतुलित होकर एक ऑटो रिक्शा विद्युत पोल से टकरा गया।
सवार छह से अधिक लोग घायल हो गए। मार्ग से गुजर रहे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अपने काफिले को रोककरसभी घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीएमएस को फोन कर मरीजों को बेहतर इलाज का निर्देश दिया।
रेलवे स्टेशन के महुआ मोड़ से रात में एक ऑटो रिक्शा सवारियों को लेकर बांसडीह की तरफ जा रहा था। टघरौली गांव के समीप ऑटो रिक्शा असंतुलित होकर विद्युत पोल से जा टकराया। इस दौरान विद्युत पोल पर लगे 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर पोल सहित जमीन पर टूट कर गिर गया। ऑटो रिक्शा खाई में पलट गया, उसमें सवार सवारी चिल्लाने लगे। टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग जुट गए।
उन्होंने ऑटो में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उसी दौरान वहां से परिवहन मंत्री का काफिला गुजर रहा था, वह सड़क पर भीड़ व दुर्घटना देख रुक गए। उन्होंने सभी घायलों को अपने प्रतिनिधि हर्ष नाथ सिंह के सहयोग से जिला अस्पताल भेजवाया गया । हर्ष नाथ सिंह ने बताया कि माधोपुर निवासी कन्हैया यादव (65) व गोलू यादव (25) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी मामूली चोट वाले को उपचार कराकर घर भेज दिया गया। उधर विद्युत पोल टूटने से टघरौली दलित बस्ती में दो दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। ग्रामीणों ने विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।