बैरिया तहसील क्षेत्र के गांवों में जब्त लाल बालू की नीलामी के लिए बोली लगवाते जिला प्रशासन के अधिकारी।
- फोटो : ballia
गंगा नदी के किनारे विभिन्न जगहों पर जब्त किए गए लाल बालू की नीलामी प्रक्रिया मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में की गई। इस दौरान कुल 12 जगहों में से पांच स्थलों पर रखी गई लाल बालू की ही नीलामी हो पाई। अभी भी सात जगह नीलामी होनी बाकी है।
नीलामी प्रक्रिया में आए लोगों ने बताया कि इन सात जगह पर से अभी बालू लाना मुश्किल है। क्योंकि फसल बोई जाने के कारण रास्ता अवरुद्ध है। पांच जगहों पर नीलामी प्रक्रिया पूरी हुई। इसमे सती घाट भुसौला पर 472 घन मी, शिवपुर घाट पर 1144.60 घन मी, मुरारपट्टी में 75 घन मी., दलन छपरा (धर्मनाथ सिंह का भट्ठा) पर 61 घन मी व रामपुर कोडरहा में 158 घन मी लाल बालू की नीलामी की गई।
इसको संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने कमेटी बनाई थी। नीलामी के दौरान मुख्य कोषाधिकारी प्रकाश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार पांडेय, मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवननाथ विश्वकर्मा, एसडीएम सदर निखिल टीकाराम फुंडे, खनन अधिकारी अशोक कुमार मौजूद थे।
हालांकि लाल बालू के लिए लगाई जाने वाली बोली के समय हर कोई कम से कम में निपटाना चाह रहा था। रामपुर कोडरहा स्थित जब्त किए गए बालू की बोली के समय तो खुद ही टेंडर वाले सदस्यों का कहना था कि मौके पर बालू ही नहीं तो कहां से अधिक की बोली लगाए। इसको लेकर कमेटी भी काफी असमंजस में दिखी।