बैरिया। थाना क्षेत्र के सोनबरसा डेरा निवासी नगदू यादव पर सोमवार की रात एनएच किनारे स्थित अपने घर के दरवाजे पर सोते समय हमलावरों ने धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। हमला करने के बाद वह भाग निकले। हमलावरों ने उनके सिर व पैर पर कई जगह हमला किया है। होश में आने पर नगदू ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने डायल 100 को घटना की सूचना देने के बाद नगदू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
नगदू ने बताया कि वह सोमवार की रात घर के दरवाजे पर चारपाई पर सोए हुए थे। रात करीब दो बजे तीन की संख्या में लोग उनकी चारपाई पर आकर बैठ गए। अभी वह कुछ पूछते, इसी बीच उनके मुंह पर बदमाशों ने किसी पाउडर का छिड़काव कर दिया। उसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो पाई। सुबह जब थोड़ा होश आया तो घर वालों की इसकी जानकारी दी। नगदू यादव के दो सगे भाई भी बगल में चारपाई पर अलग-अलग सोये थे। उनके मुंह पर भी बदमाशों ने पाउडर का छिड़काव कर दिया। जिस वजह से उन्हें भी घटना की कोई जानकारी नहीं हो पाई। परिजनों ने बैरिया पुलिस को सूचना दी है। एसएचओ राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।