मुख्य विकास अधिकारी के. बालाजी ने समस्त राजनैतिक दलों से अनुरोध किया कि भारत निर्वाचन आयोग के अपेक्षा अनुसार शत प्रतिशत शुद्ध निर्वाचक नामावली तैयार कराने के लिए सभी अर्ह व्यक्तियों का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराएं।
साथ ही अपात्र मतदाताओं का नाम अपमार्जित कराने में भी अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि जनपद में स्थापित कुल 2358 मतदेय स्थलों के लिए इतने ही बीएलओ नियुक्त हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सीडीओ ने कहा कि राजनीतिक दल बूथों पर बीएलओ की तरह अपना बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) बनाकर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें।
उन्होंने कहा कि संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम के तहत आठ व 22 नवंबर को विशेष अभियान में बीएलए को सतर्क कर दें कि वे गांव-गांव में इस अभियान का प्रचार प्रसार करे। सीडीओ ने उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों को निर्देश दिया कि फार्म-06, 07, 08 पर्याप्त मात्रा में बीएलओ के पास उपलब्ध रहे।