विद्युत करेंट की जद में आने से हुई छात्र की मौत के बाद मृतक के दरवाजे पर उपस्थित लोगों की भीड
- फोटो : सांकेतिक
गड़वार (बलिया)। जिस बेटे को पढ़ा-लिखाकर आगे बढ़ाने का सपना परिवार ने संजोया था, मंगलवार को उसी का जनाजा उठाना पड़ा।
कनैला गांव के नवीन पोखरा प्राथमिक विद्यालय की छत पर लौकी तोड़ते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से जान गंवाने वाले कक्षा चार के छात्र अरशद का शव पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब चार बजे बिसुकिया गांव पहुंचा तो घर में मां और परिजनों की चीख से माहौल गमगीन हो गया।
देर शाम अरशद को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। बिसुकिया गांव निवासी इजहार का 12 वर्षीय बेटा अरशद छह संतानों में सबसे छोटा और पढ़ाई में होनहार था। परिजनों के मुताबिक, वह रोज की तरह सोमवार को भी स्कूल गया था।
किसी को अंदाजा नहीं था कि स्कूल से लौटने के बजाय उसकी मौत की खबर घर पहुंचेगी। बेटे की मौत की सूचना पर पिता चेन्नई से बलिया लौटे। दोपहर में घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने बेटे का शव देखा तो परिवार का दुख और गहरा हो गया। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को मध्याह्न भोजन के लिए लौकी तोड़ने के लिए अरशद को स्कूल के किचन की छत पर भेजा गया था। छत के पास से गुजर रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में शिक्षकों को बंधक बनाया था, चार घंटे तक गहमागहमी रही। अधिकारियों के समझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद हंगामा शांत हुआ था। संवाद