घोघा। बांसडीह कोतवाली परिसर में स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन व उसी दिन निकलने वाले महावीरी झंडा पूजन एवं बकरीद का त्यौहार शांति पूर्वक से सम्पन्न कराने के लिये रविवार को क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। जिसमें त्योहार आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि हम लोग जिस तरह से पहले हर त्योहार मनाते आए हैं, वैसे ही बकरीद, रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे। एक दूसरे के त्योहारों का ख्याल रखेगें और माहौल बिगाड़ने वालों पर नजर रख उनकी खबर पुलिस को देगें। कोतवाल गगन राज सिंह ने महावीरी झंडा पूजन के आयोजकों से कहा कि डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर पंचायत को निर्देश दिया गया कि सभी जगहों पर साफ सफाई की विशेष व्यवस्था होनी चाहिए तथा आने वाले त्योहारों में जैसे कि बकरीद व रक्षाबंधन त्योहारों को आपसी सौहार्द से मनाये, त्योहारों में कोई शांति व्यवस्था बिगड़ता है तो तत्काल सूचना दें। इस मौके पर प्रतुल कुमार ओझा, डॉ डीके शुक्ला, हरिकृष्णा वर्मा, कमल कुमार पटेल, राजू गुप्ता, परशुराम सिंह, दीपक मिश्रा, अरुण सिंह, बबलू पांडेय, लालकु मिश्रा, विजय कुमार, कन्हैया मिश्रा, एकलाख अहमद, एजाज अहमद, उप निरीक्षक राजेश त्रिपाठी, कालीशंकर तिवारी, रविंद्र कुमार आदि रहे।
महावीरी झंडी व बकरीद शांतिपूर्ण तरीके से मनाने पर सहमति : रेवती। महावीरी झंडा जुलूस एवं बकरीद के मद्देनजर रविवार को थाना में एसडीएम बैरिया दुष्यन्त कुमार मौर्या तथा सीओ बैरिया उमेश कुमार यादव की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि आपसी भाईचारे तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजन से समाज में समरसता आती है। कहा कि लाउडस्पीकर की ध्वनि न्यायालय के आदेश के अनुसार होना चाहिए। इस पर अखाड़ेदारों ने सहमति जताई। बैठक में मौजूद लोगों ने बीज गोदाम-छोटका टोला मार्ग पर गड्ढे व जलजमाव, बुढ़वा शिव मंदिर के पास खराब नाली, रामलीला मैदान को सही करने आदि जैसी समस्याओं को सामने रखा। जिस पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय शंकर पांडेय कनक ने कहा कि इसे समय रहते सही करा दिया जाएगा। सीओ ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न देते हुए किसी भी गड़बड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। चारों अखाड़ों के अखाड़ेदार जनार्दन चौधरी, भोला ओझा, सत्यदेव तुरहा, ओंकार नाथ ओझा, विजय कुमार केसरी, मुन्ना सिंह, अवध बिहारी पांडेय, जितेंद्र पांडेय, मो.शमीम, कौशल तुरहा, मो.रमजान, धुरी राय, सोनू ओझा आदि रहे। संचालन प्रभारी निरीक्षक शिव मिलन ने किया।
बैठक में चारों अखाड़ों के अखाड़ेदारों ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व सीओ की पहल पर महावीरी झंडा जुलूस के दौरान डीजे नहीं बजाने का निर्णय लिया। अखाड़ेदारों ने यह भी निर्णय लिया कि जो पैसा डीजे के लिए खर्च किया जाता है उस पैसे से महावीरी जन कल्याण समिति का गठन कर रखा जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कनक ने समिति में 51 हजार रुपये देने की घोषणा किया।