बांसडीह में आयोजित दंगल प्रतियोगिता के दौरान पहलवानों का हाथ मिलवाकर शुभारंभ करते भाजपा नेता इं
बांसडीह/घोघा। कस्बे के उत्तर टोला स्थित फतेह सागर पोखरा के पास बृहस्पतिवार को तिवारी क्लब की ओर से प्रदेश स्तरीय दंगल का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच और दमखम का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि भाजपा नेता वीरेंद्र पाठक ‘’टुनजी’’ और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी राकेश मिश्रा ने गोरखपुर के सचिन पहलवान और मऊ के आशीष पहलवान का हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ कराया। दोनों नामचीन पहलवानों के बीच बेहद कड़ा मुकाबला हुआ। एक से बढ़कर एक दांवपेच आजमाने के बावजूद कोई भी पहलवान किसी को चित नहीं कर सका। अंततः यह रोमांचक मुकाबला बराबरी पर छूटा। अन्य मुकाबलों में आजमगढ़ के अनुज यादव ने मलप के बलिया निवासी योगेश को पटकनी देकर शानदार जीत हासिल की। वहीं, मऊ के शत्रुघ्न ने मलप के छोटू को पराजित किया। इसके अलावा, अंश (जौनपुर) व अमन (गाजीपुर), अमित लखरहवा (गाजीपुर) व अमित यादव (गोरखपुर), तथा नंदन (गाजीपुर) व आनंद (बनारस) के बीच हुए मुकाबले कड़े संघर्ष के बाद बराबरी पर समाप्त हुए।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल तिवारी ने मुख्य अतिथि वीरेंद्र पाठक और विशिष्ट अतिथि राकेश मिश्रा को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि वीरेंद्र पाठक ने कहा कि कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण खेल विरासत का एक अहम हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचल की छिपी हुई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच मिलता है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों का कुश्ती के प्रति जबरदस्त उत्साह देखकर यह भी कहा कि यदि सबका आशीर्वाद मिला, तो इस क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस एक स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान अभिषेक आनंद, तरुण प्रकाश सिंह, शैलेश सिंह, प्रतुल ओझा, मुन्नी गोंड, मिथिलेश तिवारी, अंजनी तिवारी, मंजी कुमार, संतोष तिवारी, संजीत गुप्ता, पवन आदि रहे।