एंटी भूमाफिया पोर्टल पर शिकायतों का अंबार है। कागजों में तो मामलों का निस्तारण कर दिए जाता है, लेकिन पुनः फीडबैक लेने पर शिकायतकर्ता असंतुष्ट होने पर गुहार लगाते हैं। साफ है कि अधिकारियों द्वारा प्रकरण का सही तरीके से निस्तारण नहीं किया जा रहा है।
बैरिया तहसील क्षेत्र में विभिन्न ग्राम पंचायतों से एंटी भूमाफिया पोर्टल पर इस वित्तीय वर्ष में 487 शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। किसी मामले का निस्तारण संतोषजनक नहीं हुआ है। अधिकतर लोग फीडबैक में असंतोष व्यक्त किए है। प्रदेश सरकार भले ही भूमाफियाओं पर सख्ती की बात कर रही है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अमलीजामा नहीं पहनाया जा रहा है। विभिन्न गांवों में ग्राम समाज की भूमि तालाबों, पोखरों व विद्यालयों की भूमि पर कब्जा है या फिर कब्जा का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में नवका गांव के प्रधान रवि प्रताप सिंह, गंगापुर के प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद यादव, रामपुर के हृदयानंद सिंह, सोनबरसा के अरुण चौबे सहित अन्य लोगों ने भूमाफिया पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निस्तारण पोर्टल पर कर दिया गया है। इससे कई शिकायतकर्ता संपूर्ण समाधान दिवस व थाना समाधान दिवस का चक्कर लगा रहे हैं।
एंटी भूमाफिया पोर्टल पर अगर शिकायत पेंडिंग है तो जांच के बाद भूमाफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
राजेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी, बैरिया