नरहीं। गोविंदपुर भरौली में पशु व्यापारी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पशु व्यापारी की हत्या व्यापार के विवाद में गला दबाकर की गई थी। पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टी हुई थी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शव को सुनसान जगह देखकर झाड़ी में फेंक दिया था।
गत बुधवार को गोविंदपुर भरौली में लावारिस शव मिला था। मृतक की डायरी से उसकी पहचान हुई थी। मृतक उपेंद्र यादव (50) मोहम्मदपुर मटवा थाना बरेसर जिला गाजीपुर का रहने वाला था और पशु व्यापारी था। वह सोमवार को गाय बेचने के लिए घर से निकला था। बुधवार को सुबह सात बजे फोनकर घर पर बताया था कि बिहार के चौसा में मवेशी बेचकर घर के लिए निकल चुके हैं। उनका शव बुधवार को ही गोविंदपुर भरौली में मिला था। मृतक के लड़के की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया था। थाना प्रभारी पन्नेलाल ने बताया कि कोरंटाडीह पुलिस चौकी तथा थाना भांवरकोल के बार्डर पर घेराबंदी कर पिकअप सहित सत्येंद्र यादव उर्फ टेल्हू पुत्र स्व. कन्हैया यादव, रामाश्रय यादव पुत्र हरिनाथ यादव, हरेंद्र यादव पुत्र शिवबचन यादव निवासी गोविंदपुर थाना नरही को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने व्यापार के विवाद में उपेंद्र की हत्या की थी।