बैरिया। विधायक सुरेंद्र सिंह ने बसंतपुर और फेफना स्थित एल वन अस्पताल में कोरोना संक्रमित रोगियों के साथ पशुवत व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सीएमओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों अस्पतालों में अव्यवस्था है और कोरोना पीड़ितों को सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं।
जिलाधिकारी को लिखे गए पत्र में विधायक ने बैरिया विधान सभा क्षेत्र के कोरोना पीड़ितों के लिए दुबेछपरा इंटर कॉलेज को एल-1 अस्पताल के रूप में स्थापित करने की मांग की है। साथ ही प्रस्ताव भेजा है कि इस अस्पताल में भर्ती होने वाले सभी कोरोना पीड़ितों का इलाज, भोजन, जेनरेटर, सफाई की व्यवस्था वह खुद निजी मद से करेंगे। सरकार को केवल चिकित्सक की व्यवस्था करानी होगी। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कहीं भी सैनिटाइजेशन नहीं किया जा रहा है। हॉटस्पॉट क्षेत्रों के प्रति भी स्वास्थ्य महकमा गंभीर नहीं है। इस संदर्भ में जिलाधिकारी को उचित कदम उठाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उक्त अस्पताल पर कोरोना पीड़ितों की देखरेख के लिए वह खुद 24 घंटे उपस्थित रहेंगे। जनता की सेवा करके ही जनमत के ऋण से उऋण हुआ जा सकता है।