उभांव थाना क्षेत्र के जाहिदापुर शेखपुर निवासिनी एक युवती ने रविवार की रात मां की फटकार से क्षुब्ध होकर फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मनीषा उर्फ मनसा (18) पुत्री नंदू राजभर इंटरमीडिएट की छात्रा थी। वह रात में खाना खाने के बाद सोने के लिए अपने कमरे में चली गई। परिजनों के अनुसार सोमवार की सुबह ज्यादा देर हुई तो दरवाजा बंद होने के कारण उसे जगाने के लिए आवाज दी गई, लेकिन उसके न जगने पर खिड़की से मनीषा को पंखे के हुक के सहारे फांसी के फंदे पर लटकता देख परिजन अवाक रह गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उभांव इंस्पेक्टर डीके श्रीवास्तव दल बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़कर युवती के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतार पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतका ने मरने के पहले सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें मां की डांट से डांट से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने का उल्लेख था। वह दो बहन व एक भाई में बड़ी थी।