अनदेखी पर फूट पड़ा लोगों का गुस्सा
जिला अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार के मामले में शिकायत के बाद भी जांच न किए जाने को लेकर टीडी कालेज के छात्रों ने मंगलवार को सीएमओ का पुतला टीडी कालेज चौराहे पर दहन किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।छात्रों का आरोप था कि जिला अस्पताल में तैनात एक्स-रे तकनीशियन के खिलाफ साक्ष्य सहित पीड़ितों को प्रस्तुत किए जाने के बाद तत्काल सीएमएस ने दो सदस्यीय टीम गठित कर दी।
छात्रों का आरोप था कि एक्स-रे तकनीशियन ने जांच कराने आए मरीजों से 1200-1200 रुपये वसूले थे। जिस पर सभी मरीजों ने अपनी पीड़ा छात्रनेताओं के समक्ष रखी और इस बात को छात्रों ने सीएमएस के यहां तत्काल प्रस्तुत कर दिया था। करीब एक सप्ताह से अधिक दिन बीतने के बाद भी मामले में किसी प्रकार की जांच नहीं किए जाने पर छात्र नेताओं ने मंगलवार को टीडी कालेज चौराहों पर सीएमओ डा. पीके सिंह का पुतला दहन कि या तथा जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर छात्रसंघ युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भैया अमित सिंह ने चिकित्सा व्यवस्था गहरा आक्रोश जताया। कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद जिला प्रशासन हाथ पर हाथ रखकर बैठा हुआ है। इस मौके पर बीपू दूबे, अंबरीश ओझा, अतुल पांडेय, रितेश मिश्र, कृष्ण प्रताप यादव, पंकज तिवारी, आकाश सिंह, हिमांशु सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता रवींद्र सिंह तथा संचालन तेजप्रताप यादव ने किया।