रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के अमडरिया गांव में बुधवार की सुबह खेत की तरफ जा रहे गांव निवासी जनार्दन राम (60) पर रास्ते में गांव के ही राधेश्याम (55) ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। जनार्दन राम के चिल्लाने पर गांव वाले मौके पर पहुंचे और किसी तरह से उनकी जान बचाई। राधेश्याम को गांव वालों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घायल जनार्दन को जिला अस्पताल भेजा गया।
गांववालों ने बताया कि हमलावर राधेश्याम सनकी किस्म का है। दोहरे हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट कर दो साल पूर्व घर आया है। वर्ष 2006 में वह अपने चचेरे भाई विजय व उसकी पत्नी देवांती को धारदार हथियार से काटकर मौत की नींद सुला दिया था। इस मामले में वह सजा काटकर वर्ष 2022 में जेल से बाहर आया था।
घटना के संदर्भ में किसी भी तरह के विवाद से इंकार करते हुए गांववालों ने बताया कि जनार्दन राम को खेत के तरफ जाते देख राधेश्याम उन्हें गाली देते हुए उनपर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मामले में जर्नादन राम के पुत्र अरविंद भारती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी में जुट गई है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी नगर श्यामकांत ने बताया गड़वार थाना के आमडारी गांव में एक वृद्ध को उसी गांव के अधेड़ ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। थाना प्रभारी रत्नेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद अमडरिया के पास से दोपहर 1.10 बजे अभियुक्त राधेश्याम को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया गया है।