दुबहर। क्षेत्र के किशुनीपुर जनाड़ी निवासी शहीद अमीर तिवारी का दसवां शहादत दिवस उनके पैतृक आवास पर शुक्रवार को समारोह आयोजित कर मनाया गया। जिसमें क्षेत्र के उपस्थित लोगों ने शहीद अमित तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उपस्थित जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जनार्दन राय ने कहा कि उसी का जीवन धन्य है जो समाज और देश के लिए जीता है। शहीद अमित तिवारी का जीवन राष्ट्र की रक्षा के लिए बलिदान हुआ। यह हम सभी के लिए गौरव का विषय है। धन्य हैं उनके माता-पिता, जिसके परिवार में इस वीर शहीद का जन्म हुआ। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ गिरी ने कहा कि शहीद अमित तिवारी की बलिदान किशुनीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
उन्होंने अपने साहस और धैर्य का परिचय देते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने जिले के सम्मानित जनप्रतिनिधियों से शहीद के सम्मान में प्रवेश द्वार बनाने की मांग की। इस मौके पर मुख्य रूप से जिला पंचायत के पूर्व सदस्य प्रतिनिधि अरूण सिंह, दुबहर थाने के प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर, निर्मल सिंह, नमोनारयण तिवारी, राजेश सिंह, रवींद्र, अजय आदि लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर शहीद के पिता शोकहरण तिवारी ने अपने पुत्र की याद में दो दर्जन गरीबों में वस्त्र का वितरण किया।