सिकन्दरपुर। बलिया मार्ग पर लेधुई मोड़ के समीप रविवार की देर रात को पेड़ से टकरा कर 108 एंबुलेंस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। घटना में चालक व ईएमटी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
108 एम्बुलेंस चालक रामाज्ञा यादव पुत्र राज बहादुर यादव निवासी भिटौली बाजार महाराजगंज तथा ईएमटी बनवन्त कुमार सिंह पुत्र लालबचन सिंह निवासी रामपुर थाना पिपराइच गोरखपुर रविवार की देर रात को सीएचसी सिकंदरपुर से रेफर केस लेकर बलिया जा रहे थे। वह जैसे ही लेधुई मोड़ के समीप पहुंचे कि अचानक एंबुलेंस का संतुलन बिगड़ गया तथा पेड़ से टकराकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों द्वारा दोनों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर अवस्था को देखते हुए चिकित्सक ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।