बलिया। खेजुरी थाना क्षेत्र के जिगिरसड़ गांव में तालाब की जमीन पर सोमवार की देर रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। इसकी जानकारी होने पर रात में ही खेजुरी पुलिस प्रतिमा को लेकर थाने चली गई। मंगलवार की सुबह होने पर लोगों ने काफी बवाल किया। सूचना मिलते ही एसएचओ हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराया।
सिद्धेश्वर नाथ मंदिर तालाब को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाना है। करीब एक पखवारे पूर्व ही उसका सीमांकन कर अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया था। इसी बीच सोमवार की देर रात कुछ लोगों ने तालाब की भूमि के ईशान कोण पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। इसके बाद सभी अपने घर चले गए। इसकी सूचना किसी ने रात में ही मुकामी पुलिस को दे दिया। सूचना मिलते ही खेजुरी एसएचओ रात में ही हमराहियों संग मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को लेकर थाने चले आए। मंगलवार की सुबह जब लोगों को हुई तो सैकड़ों की तादात में इकट्ठा हो गए और विरोध करना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसएचओ ने लोगों से बात कर मामले को शांत कराया। इस बाबत एसएचओ अखिलेश कुमार ने बताया कि तालाब की जमीन पर रात में कुछ लोगों ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। इसकी जानकारी होने पर रात में उसे लेकर थाने चले आए।