चौकियामोड़। उभांव थाना क्षेत्र के तेदुआ गांव में भजन-कीर्तन की आड़ में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है।
विज्ञापन
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित राम आशीष को गिरफ्तार कर लिया।
पतनारी गांव निवासी प्रवीन कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह तेदुआ गांव के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक स्थान से तेज आवाज में गाने-बजाने की आवाज सुनाई दी।उत्सुकतावश वहां पहुंचने पर राम आशीष के घर के एक कमरे में महिला, पुरुष और बच्चे एकत्र दिखाई दिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां ईसा मसीह के भजन-कीर्तन के माध्यम से लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद मुख्य आरोपित राम आशीष को गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ अनिल उपाध्याय ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।