जिला चिकित्सालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में शहीद चौक पर चल रहे आमरण अनशन के समर्थन में रविवार को छात्रनेताओं ने मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पीके सिंह का पुतले के संग विरोध मार्च निकाला। नारेबाजी करते छात्र नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए चौक में पहुंचे और वहां पुतलादहन किया इस दौरान छात्रों ने भ्रष्टाचार मिटाने का संकल्प लिया। वहीं भाजपा नेत्री केतकी सिंह ने भ्ाी रविवार को अनशन स्थल पर जाकर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया।
इस दौरान उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए छात्रनेता अभिषेक सिंह रंजन ने कहा कि आमरण अनशन पर बैठे छात्रनेताओं की तबीयत बिगड़ती जा रही है। लेकिन जिला प्रशासन खामोश बैठा हुआ है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से छात्रों के समर्थन में खड़े होने की अपील की ।
इसी क्रम में आलोक सिंह कुंवर ने कहा कि यदि छात्रों की मांगे शीघ्र पूरी नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। इस दौरान छात्रों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 27 अप्रैल को पूरा जनपद बंद कराया जाएगा। उन्होंने व्यापारी भाइयों से अपनी दूकान बंद कर और अन्य संगठन के पदाधिकारियों से आंदोलन में सहयोग करने की अपील की।
अनशन पर बैठने वालों में छात्रनेता ओमकार सिंह, दिलीप भाई, अवनीश सिंह, अमित पांडेय, राजीव रंजन सिंह आदि लोग रहे।
इस मौके पर भाजपा नेत्री केतकी सिंह, उपेंद्र सिंह, अभिमन्यु कुमार सिंह, विजयानंद सिंह, अमित कुमार सिंह, दूर्गेश दूबे, अभिजीत तिवारी, बंटी राय, यश मिश्रा, निशांत कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह सहित दर्जनों छात्र मौजूद रहे। संचालन अंबरीश ओझा ने किया।