नवानगर। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे पशु तस्करी और शराब के अवैध कारोबार को लेकर सलेमपुर सांसद रविन्द्र कुशवाहा के पत्र को संज्ञान में लेते हुए एसपी राजकरन नय्यर ने कार्रवाई करते हुए सिकंदरपुर क्षेत्र के प्रभारी चौकी इंचार्ज मालदह व कठौड़ा अखिलेश नारायण सिंह और हल्का सिपाही वकील सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। दोनों के लाइन हाजिर होने के बाद कुछ अन्य पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। उधर, सांसद के पत्र और भाजपा नेता अखिलेश सिंह गुड्डू के शिकायती पत्र को गम्भीरता से लेते हुए एसपी ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी सीओ सिकंदरपुर को दी गई है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि चौकी प्रभारी व एक सिपाही को लाइन हाजिर किया गया है।