बैरिया। तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का आंदोलन के एक महीने से चल रहा है। इससे वे न्यायिक कार्य से विरत हैं। अब तक वादकारियों के मुकदमों की पत्रावलियां नहीं मिली हैं। सोमवार को अधिवक्ताओं ने बैठक कर सर्वसम्मति से चार अक्तूबर तक आंदोलन पर रहने का प्रस्ताव पारित किया है। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने से वादकारी परेशान हैं।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक बैरिया तहसील की गायब फाइल नहीं मिलेंगी व खारिज मुकदमों को बहाल नहीं किया जाता है आंदोलन जारी रहेगा। अधिवक्ताओं का कहना है कि हम बार-बार समस्याओं के समाधान के लिए समय देते हैं। आगामी चार अक्तूबर तक तहसील पर प्रदर्शन जारी रखेंगे। अगर तब तक समाधान नहीं होता है तो आगे बैठक करके आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। इस बैठक में तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, महामंत्री विनय कुमार, जाकिर हुसैन, रामप्रकाश सिंह, दद्दन यादव, मिथिलेश कुमार सिंह, कृष्ण कुमार यादव, जगमोहन तिवारी, विजेंद्र यादव सहित दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।
उधर बैरिया के एसडीएम आलोक प्रताप ने कहा कि मुकदमों की पत्रावलियां गायब नहीं हुई हैं, तलाश की जा रही है, नहीं मिलने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।