लाकडाउन में फंसे कुल तीस लोगों को जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार की शाम जांचोपरांत सही पाये जाने पर
- फोटो : BALLIA
बैरिया। क्षेत्र में लॉकडाउन में फंसे 30 लोगों को जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार की शाम जांचोपरांत सही पाए जाने पर सरकारी बस से उन्हें उनके गंतव्य तक भेजा गया।
बता दें कि बैरिया विधान सभा क्षेत्र में दो जगहों पर लखीमपुर खीरी व मथुरा बरसाना के मजदूर काम के सिलसिले में यहां आए थे। इसी बीच कोरोना बीमारी की वजह से हुए लॉकडाउन में फंस गए थे। इन मजदूरों में बैरिया थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में 19 व रेवती थाना क्षेत्र के श्रीनगर में 11 मजदूर थे जिन्हें वहां के प्राथमिक स्कूल में रखा गया था और प्रशासन द्वारा रहने खाने आदि की व्यवस्था की गई थी। इन मजदूरों द्वारा यहां से अपने गांव जाने के लिये कई बार प्रयास भी किए थे जिसे प्रशासन द्वारा लॉकडाउन का हवाला देकर रोक दिया जाता था। मामले को संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी ने शासन की अनुमति लेकर उप जिलाधिकारी को इनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य परीक्षण सही पाए जाने के बाद इन मजदूरों को बैरिया तहसील के समीप से खाने पीने का खाद्यान्न देकर दो बसों में मथुरा के बरसाना व लखीमपुर खीरी के लिए रवाना किया गया। इन मजदूरों के चेहरे पर अपने गांव जाने की खुशी साफ झलक रही थी। बस को रवाना करते समय उप जिलाधिकारी अशोक चौधरी, सीओ अशोक सिंह, इंस्पेक्टर संजय त्रिपाठी, नायब तहसीलदार रजत सिंह, चौकी इंचार्ज बैरिया हीरेन्द्र प्रताप सिंह आदि रहे।