इंदरपुर। नगरा थाना क्षेत्र के वीरचंद्रहां अनुसूचित बस्ती में खाद के गड्ढे पर हुए अवैध निर्माण को उपजिलाधिकारी रसडा संजय कुमार कुशवाहा की मौजूदगी में ध्वस्त करा दिया गया। इंद्रासन, राजेश व रमेश ने खाद के गड्ढे की भूमि पर छप्परनुमा मकान, शौचालय का निर्माण करा लिया था।
गांव के ही विश्वमोहन सिंह ने अवैध कब्जे के विरुद्ध तहसीलदार न्यायालय में वाद दाखिल किया था। शुक्रवार को एसडीएम ने पुलिस बल के साथ पहुंच कर जेसीबी से निर्माण को ध्वस्त करा दिया। खाद के गड्ढे की भूमि में कलश राम ने दोमंजिला मकान खड़़ा कर लिया है।
प्रशासन ने उन्हें एक माह के भीतर जमीन के बदले जमीन देने के लिखित आश्वासन पर ध्वस्तीकरण नहीं कराया। ध्वस्तीकरण की सूचना पर बसपा के जिला प्रभारी नंदलाल राम, संजय राव धनंजय भारती भी पहुंच गए। बसपा नेताओं ने भूमिहीन अनुसूचित जाति के लोगों के निर्माण को ध्वस्त किए जाने की निंदा की। इस मौके पर नायब तहसीलदार उदयराज रत्ना, एसआई छुन्ना सिंह, लेखपाल सौरभ पांडेय मौजूद रहे। संवाद