पत्नी के लिए घर में आधुनिक शौचालय बनवाने के लिए पिता के पैसे न देने से नाराज युवक गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना मंगलवार की दोपहर की ताड़ीबड़ा गांव की है। लगभग दो घंटे तक चले जद्दोजहद के बाद युवक पुलिस एवं ग्रामीणों के आश्वासन पर नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस उसे लेकर थाने चली गई।
ताड़ीबड़ागांव (महुआ) निवासी मुकेश राम की शादी करीब छह माह पहले ही हुई है। पत्नी भी ससुराल में ही पति के साथ रहती है। उसके घर के पास शौचालय तो है, लेकिन जर्जर हो गया है। अपनी पत्नी की शौचालय की दिक्कत को देखकर मुकेश ने अपने पिता से घर में आधुनिक शौचालय बनवाने के लिए एक लाख रुपये मांगे। लेकिन खेती-किसानी करने वाले पिता ने धन देने से इंकार कर दिया।
इससे नाराज मुकेश मंगलवार की दोपहर में गांव में बने ओवरहेड टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक को इस तरह टंकी को चढ़ा देखकर वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गए। पहले तो लोगों को माजरा समझ में नहीं आया। लेकिन घटना की जानकारी पाकर वहां पहुंची पत्नी ने लोगों को पूरी बातें बताईं।
तब तक सूचना पाकर पुलिस भी अग्रिशमन दस्ते के साथ मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने काफी समझा-बुझाकर युवक को नीचे उतरने के लिए राजी किया। करीब दो घंटे बाद युवक टंकी से नीचे उतरा। नीचे उतरते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। उधर घटना से नाराज पिता किसी रिश्तेदार के घर चले गए हैं।