रसड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े दस बजे अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डा. माधुरी सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जयंत सिंह के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के पहुंचते ही अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई।
डा. माधुरी सिंह ने प्रसव कक्ष, दवा स्टोर की खिड़की में जाली न लगने सहित ब्लड बैंक रूम आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने अधीक्षक डा. बीपी यादव को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साफ सफाई कम एवं प्रसव कक्ष में भारी दुर्व्यवस्था पाए जाने पर संबंधितों को कड़ी फटकार लगाई। तत्काल व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया।
इस दौरान पत्रकारों से वार्ता के दौरान माधुरी सिंह ने कहा कि रसड़ा में शीघ्र ही ब्लड बैंक की स्थापना की जाएगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। साथ ही साथ उन्होंने बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती शीघ्र करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर अधीक्षक डा. बीपी यादव, चीफ फार्मासिस्ट डा. अनिल राय, डा. शैलेष सिंह, फिरोज अहमद, संतोष गुप्ता मौजूद रहे।