इंदरपुर । जिला विद्यालय निरीक्षक ने शैक्षिक सत्र 2026-27 की पूर्वदशम (कक्षा 9-10 एवं दशमोत्तर कक्षा 11-12 छात्रवृत्ति को लेकर सभी विद्यालयों को सख्त निर्देश जारी किया है। छात्रवृत्ति आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है, लेकिन अब लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीआईओएस ने बताया कि छात्रवृत्ति आवेदनों के निस्तारण में जिले की स्थिति प्रदेश में सबसे खराब है। जिले में विद्यालय स्तर पर कुल 83,879 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 9,985 आवेदन अभी भी लंबित हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों को 21 नवंबर तक आवेदनों का निस्तारण पूरा करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि 22 नवंबर को कोई भी आवेदन लंबित नहीं दिखना चाहिए। इसके बावजूद 23 नवंबर को भी आवेदन लंबित पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्पष्ट किया है कि 75 प्रतिशत उपस्थिति वाले छात्रों को ही छात्रवृत्ति पाने का अधिकार होगा। इसलिए विद्यालय छात्रों की उपस्थिति का भी विशेष ध्यान रखें।