नगरा। वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए प्रदेश सरकार द्वारा घोषित दो दिवसीय लॉक डाउन में रविवार को लॉक डाउन का उल्लंघन कर ठेले पर फल आदि बेचने के आरोप में पुलिस ने चार विक्रेताओं के खिलाफ महामारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय रविवार को दोपहर में गश्त पर थे। वह हनुमान चौक पर पहुंचे तो अनीस, फिरोज अहमद, टुनटुन व डबलू कसेरा निवासी नगरा लॉकडाउन का उलंघन करते हुए बिना मास्क व दस्ताने के ठेले पर फल आदि की दुकान लगाकर बेंच रहे थे। पुलिस को देखकर भी चारों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान पर जमे रहे। जबकि ग्राहक इधर-उधर जाने लगे। चारों दुकानदार अपने-अपने ठेले के आसपास गंदगी भी फैलाए थे। पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर चारों फल विक्रेताओं द्वारा लॉक डाउन का उलंघन करने के आरोप में महामारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।