हल्दी। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने युवक पर दुष्कर्म करने, घटना का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और वीडियो डिलीट करने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने बताया कि पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि सिद्धार्थ ने 11 फरवरी को उसे घर में अकेला पाकर दुष्कर्म किया। घटना का वीडियो भी बना लिया और उसी वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर प्रताड़ित करता रहा। घटना के कुछ समय बाद वह अपने पति के पास गुजरात चली गई, जहां उसने पूरी आपबीती बताई। पति और परिवार के सदस्यों ने आरोपी से वीडियो हटाने की गुहार लगाई। वीडियो डिलीट करने के बदले आरोपी पांच लाख रुपये मांगने लगा। समझौते के प्रयास में उसके पति ने आरोपी के बैंक खाते में 70 हजार रुपये भी भेजे, इसके बावजूद उत्पीड़न का सिलसिला नहीं रुका।
महिला ने गुजरात से लौटने के बाद छह अगस्त को हल्दी थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। उसने पुलिस को कथित वीडियो के संबंध में उपलब्ध जानकारी और आरोपी के बैंक खाते में धनराशि भेजे जाने का विवरण भी सौंपा है। थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।