कार की टक्कर से किसान की मौत
- खेत से घर लौटते समय हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
नरहीं। खेत से घर लौट रहे किसान की शनिवार सुबह कार की टक्कर से मौत हो गई। धक्का मारने के बाद कार चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। इस घटना से किसान के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नरहीं गांव निवासी राजेंद्र राय (65) शनिवार की सुबह अपने खेत से घर आ रहे थे। नरहीं बाजार से पहले एनएच-31 पर जैसे ही आगे बढ़े कि बलिया की तरफ जा रही लाल रंग की कार ने जोरदार टक्कर मार दी। कार चालक अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र राय को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई परिवार में कोहराम मच गया। राजेंद्र राय की दो बेटियां तथा एक पुत्र हैं। सभी की शादी हो चुकी है।